मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्नी ने अपने पति की हत्या करने के लिए बेहद फिल्मी और खौफनाक तरीका अपनाया। पुलिस की गिरफ्त में आई आरोपी पत्नी ने पूछताछ में जो खुलासे किए, उसने सभी को हैरान कर दिया है। महिला ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने ₹5 लाख की सुपारी देकर सपेरों से अपने पति को सांप से कटवाया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
"पति की मौत का कोई गम नहीं"
पुलिस हिरासत में आरोपी पत्नी दामिनी (30 वर्ष) ने बिना किसी पछतावे के कहा, "मुझे पति की मौत का कोई गम नहीं है। वो मर गया, ठीक हुआ।" दामिनी ने बताया कि उसके पति अतुल पवार (32 वर्ष) का किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर था। जब भी वह इसका विरोध करती, तो अतुल उसके साथ मारपीट करता था। दामिनी का आरोप है कि अतुल उसे धमकी देता था कि अगर घर में रहना है तो उसके हिसाब से रहना होगा, वरना मारकर भगा देगा। इतना ही नहीं, दामिनी की कमाई के पैसे भी अतुल जबरन रख लेता था। इस रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर दामिनी ने एक वैन ड्राइवर से दोस्ती कर ली और पति को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
रविता के केस से आया आइडिया, गूगल पर खोजा जहरीला सांप
पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने दामिनी से पूछा कि उसने पति को सांप से डसवाने का ही तरीका क्यों चुना? तो उसने बताया कि मेरठ की ही रहने वाली 'रविता' नाम की महिला ने भी कुछ समय पहले अपने पति को सांप से कटवाकर मार डाला था, जिसे लोगों ने महज एक हादसा मान लिया था।
रविता के इसी मामले से दामिनी को आइडिया आया। उसने सोचा कि अगर वह भी ऐसा करेगी, तो किसी को उस पर शक नहीं होगा। इसके बाद उसने गूगल (Google) पर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों के बारे में सर्च किया। इंटरनेट से जानकारी जुटाने के बाद उसने 'करैत' सांप से काटने का प्लान फाइनल किया।
5 लाख रुपये में दो सपेरों को दी सुपारी
वारदात को ऐसे दिया अंजाम: अपने खौफनाक मंसूबे को पूरा करने के लिए दामिनी ने दो सपेरों से संपर्क किया। उसने ₹5 लाख रुपये में दोनों सपेरों को तैयार किया और अपने पति अतुल पवार को जहरीले सांप से डसवा दिया।
शनिवार (18 जुलाई) को पुलिस ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पत्नी दामिनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस साजिश में शामिल वैन ड्राइवर और दोनों सपेरों की तलाश में जुट गई है।
