सूरतगढ़। शहर में चल रहे ट्रक यूनियन और प्रशासन के विवाद के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। नगरपालिका द्वारा ट्रक यूनियन के भवन को सीज़ करने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद पिछले कई दिनों से जारी व्यापारियों का धरना और हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक यूनियन के समर्थन में अनाज व्यापारियों ने 10 मार्च से धरना शुरू किया हुआ था। इस दौरान मंडी में कामकाज काफी प्रभावित रहा और कई व्यापारिक गतिविधियां भी ठप हो गई थीं। मामले को लेकर प्रशासन और व्यापारियों के बीच लगातार बातचीत का दौर चलता रहा।
इसी बीच नगरपालिका की ओर से ट्रक यूनियन कार्यालय को सीज़ कर दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने अनाज व्यापारियों से किसान हित को ध्यान में रखते हुए धरना समाप्त करने का आग्रह किया। प्रशासन के आग्रह पर व्यापारियों ने सहमति जताते हुए धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
व्यापारियों का कहना है कि किसान हित सर्वोपरि है, इसलिए फिलहाल आंदोलन को रोक दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर संतोषजनक समाधान नहीं हुआ तो आगे की रणनीति पर फिर विचार किया जाएगा।
धरना स्थगित होने के बाद अब मंडी में व्यापारिक गतिविधियां फिर से शुरू होने जा रही हैं। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान खोलने और सामान्य व्यापार करने की अनुमति दे दी गई है। सोमवार से मंडी में सभी प्रकार के कामकाज सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है।
D6 NEWS
