राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कोटपूतली में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कोटपूतली में तैनात उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह को 3,500₹ की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई ACB की अलवर प्रथम चौकी की टीम ने की।
मुकदमे में आगे कार्रवाई के नाम पर मांगी थी 5,000₹ की रिश्वत
ACB के अनुसार, परिवादी ने एक बैंक के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से कोटपूतली थाने में मुकदमा संख्या 380/2026 दर्ज कराया था। इस मामले का अनुसंधान उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कर रहे थे।
आरोप है कि मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने की एवज में राजेन्द्र सिंह ने परिवादी से ₹5,000 की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की अलवर प्रथम चौकी ने 19 अगस्त 2026 को रिश्वत मांग की शिकायत का सत्यापन कराया।
सत्यापन में पहले ही ले चुका था ₹1,500
सत्यापन के दौरान ₹5,000 की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसी दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से ₹1,500 की रिश्वत राशि प्राप्त करना भी सामने आया। शेष ₹3,500 बाद में देने पर सहमति बनी।
मांग की पुष्टि होने के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
₹3,500 लेते ही ACB ने दबोचा
DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में ACB अलवर प्रथम चौकी के प्रभारी एवं पुलिस उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह को परिवादी से ₹3,500 की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। ACB टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी आगे की कार्रवाई
ACB के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।
नोट: आरोपी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
